ओपी प्रभारी का 70 हजार की ‘सेटिंग’ पड़ी भारी… SP ने किया सस्पेंड, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

पलामू।पुलिस महकमे में उस वक्त खलबली मच गई, जब एसपी ने लठेया ओपी प्रभारी धर्मबीर यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आरोप है कि एक ट्रैक्टर मालिक से 70 हजार रुपये की अवैध वसूली की गई। शिकायत मिलते ही एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल जांच के आदेश दिए।
प्रथम दृष्टया आरोप सही, फिर गिरी निलंबन की गाज
जांच के दौरान ओपी प्रभारी की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध और आरोप सही पाए गए। इसके बाद बिना देर किए एसपी ने उन्हें सस्पेंड कर दिया। बताया जा रहा है कि इस कथित अवैध लेन-देन में ओपी प्रभारी के ड्राइवर की भी भूमिका सामने आई है।
SP का साफ संदेश—’भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस’
कार्रवाई के बाद एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विभागीय जांच अभी जारी है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार या अवैध वसूली जैसी गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है। यदि कोई अधिकारी या कर्मी ऐसे मामलों में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल और कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
एक्शन से साफ हुआ संदेश
इस कार्रवाई ने पूरे पुलिस महकमे में साफ संदेश दे दिया है कि वर्दी की आड़ में अवैध कमाई करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई तय है। फिलहाल विभागीय जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

