राँची: कट्टा दिखाकर अपाचे लूटने वाले 4 लुटेरा मात्र 4 घंटे में गिरफ्तार, खुली कई वारदातों की पोल

राँची।राँची पुलिस ने अपराध की दुनिया में पैर पसार रहे लुटेरों के खिलाफ एक बार फिर अपनी मुस्तैदी का लोहा मनवाया है।जिले के दशमफॉल थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर अपाचे बाइक और मोबाइल लूटकर भाग रहे चार शातिर अपराधियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर दबोच लिया। इनके पास से लूट की बाइक और मोबाइल के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल की गई देशी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस की इस सुपरफास्ट कार्रवाई से पूरे इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
यह पूरी घटना 15 जुलाई 2026 की है। दशमफॉल थाना क्षेत्र के आराडीह (चुड़गी पंचायत) के पास चार अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति को घेर लिया। अपराधियों ने कट्टा तानकर पीड़ित से उसकी अपाचे मोटरसाइकिल, नोकिया का कीपैड मोबाइल, आधार कार्ड और नकद पैसे लूट लिए और फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी राँची के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के मार्गदर्शन में बुण्डू एसडीपीओ के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम बनाई गई। टीम में दशमफॉल थाना प्रभारी कुंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल मोहली और सशस्त्र बल के जवानों को शामिल कर तुरंत एक्शन प्लान तैयार किया गया।
विशेष टीम ने बिना वक्त गंवाए घटनास्थल पर पहुंचकर चश्मदीदों के बयान दर्ज किए। इसके बाद तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण करते हुए पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस की इस चक्रव्यूह जैसी घेराबंदी का नतीजा यह रहा कि वारदात के मात्र चार घंटे के भीतर चारों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल, नोकिया मोबाइल, 500 रुपये कैश और आधार कार्ड बरामद कर लिया गया। साथ ही वारदात में प्रयुक्त एक पिस्तौल, लूट में इस्तेमाल की गई दो अन्य मोटरसाइकिलें (ड्यूक और पल्सर) और आरोपी अंकित मुंडा का मोबाइल भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंकित मुंडा (18 वर्ष), गोपाल मुंडा (18 वर्ष), अजीत मुंडा (19 वर्ष) (तीनों निवासी हुड़वा, अड़की, खूंटी) और गुरुवा मुंडा (18 वर्ष, निवासी एदेलबेड़ा, तमाड़, राँची) के रूप में हुई है। पुलिस की कड़ी पूछताछ में इन अपराधियों ने कबूल किया कि वे पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को ही उन्होंने तमाड़ थाना क्षेत्र के पतसायडीह और ऐदलडीह के बीच इसी पिस्टल के दम पर एक राहगीर से 150 रुपये और सैमसंग गैलेक्सी एंड्रॉयड मोबाइल लूटा था। इसके अलावा परासी गांव में एनएचआई प्लांट के पास से भी एक व्यक्ति से 20,000 रुपये और सैमसंग का एंड्रॉयड मोबाइल लूटा था। पुलिस अब इन सभी मामलों को जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

