जामताड़ा: तालाब में डूबने से 3 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत, स्कूल से लौटने के बाद हुआ हादसा

​जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले में चेगायडीह गांव में मंगलवार को तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है और मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर को तीनों बच्चे स्कूल से लौटने के बाद अपने-अपने घर पहुंचे। इसके बाद वे तीनों बाहर खेलने के लिए निकले थे। खेलते-खेलते बच्चे गांव के चिरकुटोला स्थित तालाब की ओर चले गए और तालाब के पानी में डूब गए। यह तालाब बच्चों के घर से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों को तालाब से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और तीनों बच्चों की मौत हो चुकी थी।

​हादसे का शिकार हुए मृत बच्चों की पहचान:

आर्यन अंसारी (उम्र 5 वर्ष): यह गांव के ही निजी विद्यालय ‘सनशाइन पब्लिक स्कूल’ में नर्सरी कक्षा का छात्र था।

नासिर अंसारी (उम्र 6 वर्ष): यह गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय चेगायडीह में कक्षा 1 का छात्र था।

​अमर सोहेल (उम्र 6 वर्ष): यह भी गांव के प्राथमिक विद्यालय चेगायडीह में ही कक्षा 1 का छात्र था।

​हादसे की सूचना मिलने के बाद जामताड़ा सदर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का गहन निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा तीनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। घटना के बाद मृतक बच्चों के घर पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

error: Content is protected !!