मेडिकल कॉलेज में दाखिले का झांसा, 14.07 लाख की ठगी निजी खातों में रकम ट्रांसफर कराने का आरोप, दस्तावेज मांगने पर टालते रहे आरोपी

 

राँची। मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर 14 लाख 7 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला राजधानी  राँची में सामने आया है। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के न्यू किशोरगंज निवासी शिव कुमार पांडेय की शिकायत पर पुलिस ने नितीश भारद्वाज और उसकी पत्नी प्रीति कुमारी पाठक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, वर्ष 2025 के दौरान नितीश भारद्वाज उनके संपर्क में आया था। उसने खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए दावा किया कि दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उसकी अच्छी पहुंच है और वह उनके रिश्तेदार अनिकेश तिवारी का एमबीबीएस में दाखिला करा सकता है।

बैंक खातों से लेकर नकद तक ली रकम
आरोप है कि दाखिले की उम्मीद में शिव कुमार पांडेय ने अपने और अपने पुत्र के बैंक खातों के अलावा अपनी फर्म गणपति ट्रेडिंग्स के खाते से भी रकम ट्रांसफर की। कुछ राशि नकद दिए जाने की भी बात प्राथमिकी में कही गई है। इस तरह कुल 14,07,000 रुपये आरोपियों को दिए गए।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने रकम किसी कॉलेज, काउंसलिंग बोर्ड या अन्य आधिकारिक संस्थान के खाते में जमा कराने के बजाय अपने निजी बैंक खातों में ट्रांसफर कराने पर जोर दिया।

न दाखिले की रसीद मिली, न कोई आधिकारिक दस्तावेज
रकम देने के बाद काफी समय बीत गया, लेकिन न तो दाखिले से संबंधित कोई आधिकारिक दस्तावेज मिला और न ही कॉलेज की रसीद या नामांकन की पुष्टि हुई। जब शिकायतकर्ता ने आरोपियों से कागजात और रकम वापस करने की मांग की, तो कथित तौर पर वे लगातार मामले को टालते रहे।इसके बाद शिकायतकर्ता को कथित ठगी का एहसास हुआ और उसने सुखदेवनगर थाना में लिखित शिकायत दी।

बैंक ट्रांजेक्शन और व्हाट्सएप चैट खंगालेगी पुलिस
पुलिस ने जनक नगर, हेसल निवासी नितीश भारद्वाज और उसकी पत्नी प्रीति कुमारी पाठक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान बैंक खातों में हुए लेन-देन, व्हाट्सएप चैट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने रकम किस तरह और किन खातों में मंगाई तथा पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

 

error: Content is protected !!