YouTube पर एक क्लिक और खाली हो गया खाता…72 वर्षीय बुजुर्ग से 3.10 लाख की साइबर ठगी
राँची।राँची में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर एक बुजुर्ग को अपना शिकार बनाते हुए उनके बैंक खाते से जीवनभर की गाढ़ी कमाई के 3.10 लाख रुपये उड़ा लिए। ताजा मामला एचईसी परिसर के सेक्टर-2 स्थित क्वार्टर संख्या सीटी-9 का है, जहां रहने वाले 72 वर्षीय प्रेम कुमार सिंह के साथ यह ठगी हुई है।साइबर अपराधियों ने बैंक ऑफ इंडिया के पेंशन अपडेट का झांसा देकर एक फर्जी लिंक भेजा था, जिस पर क्लिक करते ही बुजुर्ग का फोन हैक हो गया और खाते से पूरी रकम साफ कर दी गई। पीड़ित की शिकायत के आधार पर रांची के साइबर अपराध थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान शुरू कर दिया है।
यूट्यूब देखने के दौरान मोबाइल स्क्रीन पर आया था लिंक
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित प्रेम कुमार सिंह 22 सितंबर को अपने मोबाइल पर यूट्यूब देख रहे थे।इसी दौरान उनके फोन पर ‘बैंक ऑफ इंडिया पेंशन’ से संबंधित एक आकर्षक लिंक (मैसेज) आया. पेंशन से जुड़ा मामला होने के कारण उन्होंने उत्सुकतावश उस लिंक पर क्लिक कर दिया।लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल फोन पूरी तरह से हैक हो गया और स्क्रीन ने काम करना बंद कर दिया।जब तक वे कुछ समझ पाते, तब तक उनके बैंक ऑफ इंडिया खाते से दो अलग-अलग बार में कुल 3 लाख 10 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।पैसे कटने का मैसेज देखकर बुजुर्ग के होश उड़ गए।ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित ने तुरंत मामले में साइबर अपराध थाना राँची में मामला दर्ज कराया।

