राजमहल जेल में डकैती कांड के कैदी को जहरीले सांप ने डसा, मची अफरा-तफरी..कैदी को अस्पताल में भर्ती कराया

राजमहल।झारखण्ड के साहिबगंज जिले के राजमहल उपकारा में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जेल परिसर में साफ-सफाई कर रहे एक कैदी को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना के बाद जेल प्रशासन ने बिना देर किए घायल बंदी को राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. सौरभ कुमार की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल कैदी की पहचान सोहन कुमार यादव (23), पिता स्वर्गीय बिरजू यादव, के रूप में हुई है। वह अन्य बंदियों के साथ जेल परिसर की झाड़ियों के आसपास सफाई कार्य कर रहा था। इसी दौरान झाड़ियों से निकले एक जहरीले सांप ने उसके पैर में काट लिया। सांप के डसते ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद जेल कर्मियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसका उपचार शुरू कराया।

अस्पताल में इलाजरत सोहन कुमार यादव ने बताया कि वह बरहरवा थाना कांड संख्या 177/26 में बीएनएस की धारा 305 एवं 331(4) के तहत दर्ज मामले में न्यायिक हिरासत में राजमहल उपकारा में बंद है।चिकित्सकों के अनुसार, मरीज की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। वहीं, घटना के बाद जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

इस घटना ने जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। झाड़ियों के बीच जहरीले सांप का निकलना इस बात का संकेत है कि जेल परिसर में नियमित सफाई और सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

error: Content is protected !!