राँची: पुलिस जांच से बचने के लिए थार चालक ने मचाई सनसनी, पेट्रोलिंग जवान को मारी टक्कर, गिरफ्तार

राँची।राँची में पुलिस की नियमित जांच के दौरान एक संदिग्ध काले रंग की थार को रोकने की कोशिश उस समय नाटकीय घटनाक्रम में बदल गई, जब चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने का प्रयास किया। इस दौरान पेट्रोलिंग वाहन के चालक को टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना 14 जुलाई 2026 को लगभग सुबह 11:30 बजे मोराबादी प्राइम पार्क के पास हुई। पुलिस के अनुसार, थार पर पूरी तरह काली फिल्म लगी हुई थी, उसका विंडशील्ड टूटा हुआ था और पीछे का नंबर प्लेट मिट्टी से ढका हुआ था, जिससे वाहन संदिग्ध प्रतीत हो रहा था।
जैसे ही पेट्रोलिंग टीम ने वाहन को रोककर जांच करने का प्रयास किया, चालक ने तेज और लापरवाही से गाड़ी दौड़ा दी। इस दौरान पेट्रोलिंग वाहन के चालक गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई। डॉक्टरों ने उनके सिर पर पांच टांके लगाए हैं। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने वाहन का नंबर ट्रेस कर तत्काल प्राथमिकी दर्ज की और छापेमारी कर आरोपी विश्राम उरांव (38 वर्ष), निवासी बरियातू, राँची, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने संबंधित थार को भी जब्त कर लिया है।
राँची पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जांच अभियान के दौरान पुलिस द्वारा वाहन रोकने पर पूरा सहयोग करें। ऐसे अभियान आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से चलाए जाते हैं।

