20 से 22 जुलाई तक होगी माध्यमिक आचार्य भर्ती की काउंसलिंग, मूल प्रमाण पत्रों की होगी जांच

–धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट भवन में होगा दस्तावेज सत्यापन, तय तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को नहीं मिलेगा नियुक्ति पत्र

राँची।झारखण्ड प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 में सफल अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 20 से 22 जुलाई 2026 तक राँची के धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट भवन की न्यू एनेक्सी बिल्डिंग के प्रथम तल स्थित सभागार में दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। प्रत्येक दिन सुबह 10 बजे से काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी।विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर काउंसलिंग में शामिल नहीं होने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया जाएगा। अंतिम नियुक्ति से पहले सभी शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की विस्तृत जांच की जाएगी।

विषयवार तय किया गया कार्यक्रम
भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए विभाग ने विषयवार काउंसलिंग का शेड्यूल जारी किया है। 20 जुलाई को राजनीतिशास्त्र और मनोविज्ञान, 21 जुलाई को समाजशास्त्र, गृह विज्ञान और अप्लायड इंग्लिश, जबकि 22 जुलाई को विशेष शिक्षा एवं तकनीकी विषयों के अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।

सभी मूल दस्तावेज साथ लाना होगा
काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र, उनकी स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रतियां, बी.एड. संस्थान की एनसीटीई मान्यता का प्रमाण पत्र तथा तीन पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो साथ लाने होंगे। किसी भी आवश्यक दस्तावेज के अभाव में सत्यापन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

प्रतिनिधि के माध्यम से नहीं मिलेगी अनुमति
माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद ने कहा है कि काउंसलिंग में अभ्यर्थी की व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य है। किसी भी अभ्यर्थी की ओर से प्रतिनिधि या अधिकृत व्यक्ति की उपस्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी। विभाग ने सभी सफल अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है।

error: Content is protected !!