पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: होटल की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा,पांच युवतियां सहित 17 हिरासत में..

 

पटना। राजधानी पटना में होटल की आड़ में संचालित किए जा रहे कथित देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार को व्यापक कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में मालसलामी थाना क्षेत्र के एक होटल से पांच युवतियों और 12 युवकों समेत कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया है।हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर बेउर थाना क्षेत्र स्थित एक फ्लैट पर भी छापा मारकर नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूरे रैकेट की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।छापेमारी के दौरान डाक बंगला चौराहा स्थित लोकनायक जयप्रकाश भवन समेत कई जगहों पर तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान गांधी मैदान स्थित दूल्हे राजा पार्लर से एक पुरुष और महिला को हिरासत में लिया गया। वही मनेर से 1 महिला समेत 3 की गिरफ्तारी की गई।इसके अलावा पटना सिटी के मालसलामी और बेउर इलके में रेड की गई। इसमें 17 लोगों को पकड़ा गया।

 

पुलिस के अनुसार मालसलामी थाना क्षेत्र के गुरु के बाग स्थित रुक्मणी इन होटल में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से होटल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

पटना सिटी के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (SDPO-1) राज किशोर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

होटल से आपत्तिजनक सामग्री, सेक्स वर्धक दवाएं और शराब बरामद:
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल से आपत्तिजनक सामग्री, सेक्स वर्धक दवाएं तथा अंग्रेजी शराब भी बरामद की है। इन बरामद सामानों को जब्त कर जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि शराब होटल में किस उद्देश्य से रखी गई थी।जबकि बिहार में शराब बंदी है।

पूछताछ के बाद बेउर के फ्लैट तक पहुंची पुलिस:
हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बेउर थाना क्षेत्र स्थित एक फ्लैट पर भी छापेमारी की। वहां से नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का मानना है कि होटल और फ्लैट के बीच नेटवर्क के जरिए गतिविधियों का संचालन किया जा रहा था।

होटल संचालक की भूमिका भी जांच के दायरे में:
प्रारंभिक जांच में होटल प्रबंधन और संचालक की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि होटल का उपयोग केवल ठहरने के लिए किया जा रहा था या फिर सुनियोजित तरीके से अवैध गतिविधियों के संचालन के लिए किया जा रहा था।इसी कड़ी में होटल के रजिस्टर, ग्राहकों की एंट्री, पहचान संबंधी दस्तावेज, बुकिंग रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।। यदि जांच में देह व्यापार के संगठित नेटवर्क की पुष्टि होती है तो अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 (Immoral Traffic (Prevention) Act – ITPA) तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है। बरामद शराब के संबंध में आवश्यकता पड़ने पर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह नेटवर्क कब से संचालित हो रहा था, इसके संचालन में किन लोगों की भूमिका थी, ग्राहकों तक पहुंचने के लिए किन माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता था तथा क्या इस नेटवर्क के तार पटना के अन्य इलाकों या दूसरे जिलों से भी जुड़े हैं।

फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

error: Content is protected !!