आधी रात SSP का ‘ऑपरेशन चेक’, कहीं थानेदार गायब तो कहीं बंद मिला थाना, मचा हड़कंप….’अपराधी कितना भी बड़ा हो, बख्शेंगे नहीं’-एसएसपी

 

राँची।राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए राँची के एसएसपी राकेश रंजन ने मंगलवार देर रात ऐसा कदम उठाया, जिसकी भनक पुलिस महकमे को भी नहीं लगी। रात करीब एक बजे एसएसपी राकेश रंजन खुद सड़कों पर उतर गए और शहर के अलग-अलग इलाकों में औचक निरीक्षण कर पुलिस की मुस्तैदी की हकीकत देखी। इस अचानक हुए निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।

हिंदपीढ़ी थाना में नहीं मिले जिम्मेदार अधिकारी
निरीक्षण के दौरान एसएसपी जब हिंदपीढ़ी थाना पहुंचे तो वहां न थाना प्रभारी मौजूद थे और न ही ओडी प्रभारी। ड्यूटी के समय दोनों अधिकारियों की अनुपस्थिति पर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोनों से स्पष्टीकरण तलब कर लिया।


अरगोड़ा थाना का बंद मिला गेट, SSP ने लगाई फटकार
इसके बाद एसएसपी अरगोड़ा थाना पहुंचे, जहां थाना का मुख्य गेट बंद मिला। इस पर उन्होंने थाना प्रभारी को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि थाना आम जनता के लिए 24 घंटे खुला रहना चाहिए, ताकि किसी भी समय आने वाला व्यक्ति अपनी शिकायत दर्ज करा सके।

शहर के संवेदनशील इलाकों का लिया जायजा
एसएसपी ने बिरसा चौक, मेन रोड, एकरा मस्जिद, हरमू बायपास, अरगोड़ा चौक समेत कई संवेदनशील इलाकों में नाकेबंदी और चेकिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत की, रजिस्टरों की जांच की और वाहनों की तलाशी अभियान का भी जायजा लिया।

ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं-एसएसपी
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने जवानों का मनोबल बढ़ाया, लेकिन साथ ही साफ शब्दों में चेतावनी भी दी कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि रात के समय संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच होनी चाहिए और पीसीआर व टाइगर मोबाइल लगातार गश्त करते रहें, ताकि शहर में सुरक्षा का माहौल बना रहे।

कितना भी रसूखदार हो, कानून से ऊपर कोई नहीं’
एसएसपी राकेश रंजन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी दबाव और पक्षपात के कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। राजधानी में अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।वहीं देर रात एसएसपी के औचक निरीक्षण से शहर के थानेदारों में हड़कम्प मच गया।घर मे सोए हुए थानेदार सब तुरन्त बाहर निकलने लगे।एसएसपी के साथ सिटी एसपी और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे।

error: Content is protected !!