राँची के नए सिटी डीएसपी दीपक कुमार ने किया पदभार ग्रहण

राँची। राजधानी राँची के नए सिटी डीएसपी दीपक कुमार ने पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान सिटी डीएसपी अमित कुमार सिंह से पदभार लिया।अमित कुमार सिंह का स्थानांतरण डीएसपी एसटीएफ में हुआ है। पदभार ग्रहण करने के बाद नवपदस्थापित डीएसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण की दिशा में वे बेहतर कार्य करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि आम जनता के सहयोग की जरूरत है।

राज्य सरकार ने मूवमेंट आर्डर रुके चार डीएसपी सहित पांच डीएसपी का बीते गुरुवार को तबादला किया था। पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत डीएसपी दीपक कुमार को रांची का नया सिटी डीएसपी बनाया गया है। वहीं, पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत राजकुमार मेहता को डीएसपी जैप-सात के पद पर पदस्थापित किया गया है। जबकि पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत विकास चंद्र श्रीवास्तव को डीएसपी अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है। पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत मुकेश कुमार महतो को गिरिडीह खोरी महुआ का डीएसपी, रांची सिटी डीएसपी के पद पर पदस्थापित अमित कुमार सिंह को डीएसपी एसटीएफ रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है।