दो घंटे की दौड़, घेराबंदी और गिरफ्तारी… फिल्मी अंदाज़ में बाइक लुटेरों तक पहुंची राँची पुलिस

 

राँची।राँची में बाइक लूट की वारदात के महज दो घंटे के भीतर पुलिस ने ऐसा ऑपरेशन चलाया, जिसने किसी फिल्मी पीछा करने वाले दृश्य की याद दिला दी। दशमफॉल थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक ग्रामीण से मोटरसाइकिल लूटकर फरार हुए चार अपराधियों को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल और लूटी गई बाइक भी बरामद की गई।वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी बाइक लेकर खूंटी की ओर भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही दशमफॉल थाना पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने सबसे पहले एक आरोपी को दबोच लिया। उससे मिली जानकारी के आधार पर बाकी तीन आरोपियों की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर चारों को धर दबोचा। करीब दो घंटे तक चले इस ऑपरेशन के बाद पुलिस को सफलता मिली।
तलाशी में आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई, जबकि लूटी गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली। फिलहाल चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि उनका संबंध किसी बड़े गिरोह से तो नहीं है।

error: Content is protected !!