हजारीबाग: कोयला लदी मालगाड़ी के वैगन से बोरे में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका पर जांच तेज..

 

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले कटकमदाग थाना क्षेत्र के बानादाग रेलवे साइडिंग में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बिहार से कोयला लेकर पहुंची एक मालवाहक ट्रेन के वैगन से बोरे में बंद एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर कटकमदाग थाना पुलिस, रेलवे पुलिस, सीआईएसएफ और एनटीपीसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे साइडिंग में मालगाड़ी की नियमित सुरक्षा जांच के दौरान कर्मचारियों की नजर एक संदिग्ध बोरे पर पड़ी। शक होने पर जब बोरे को खोला गया तो उसके भीतर एक अज्ञात युवक का शव मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।

प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं, जबकि उसकी जेब से कुछ नकद रुपये भी बरामद हुए हैं। इससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि अज्ञात व्यक्ति की मौत कैसे हुई और उसका शव मालगाड़ी के वैगन तक कैसे पहुंचा। पुलिस हत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। रेलवे पुलिस, स्थानीय थाना, सीआईएसएफ और एनटीपीसी की संयुक्त टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। वहीं, मृतक की पहचान कराने का प्रयास भी तेज कर दिया गया है।

इस रहस्यमयी घटना के बाद बानादाग रेलवे साइडिंग इलाके में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है, जिससे इस सनसनीखेज मामले का सच सामने आ सके।वहीं,स्थानीय लोगों ने आशंका जताया है कि कहीं, युवक की हत्या कर शव बोरे में पैक कर मालगाड़ी में डाल तो नहीं दिया है।

 

error: Content is protected !!