40 साल के वैवाहिक रिश्ते को किया तार-तार: पति की चौथी शादी का खुलासा, पहली पत्नी ने ‘जन शिकायत समाधान केंद्र’ में लगाई न्याय की गुहार

–महिला समिति ने चौथी पत्नी के साथ पति को पकड़कर पहुंचाया जन शिकायत समाधान केंद्र, ट्रैफिक एसपी ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने का दिया आदेश..
राँची।चार दशक पुराने वैवाहिक रिश्ते में उस समय बड़ा विवाद सामने आ गया, जब एक महिला ने अपने पति पर एक के बाद एक चार शादियां करने का गंभीर आरोप लगाया। मामला राँची पुलिस ने चर्चित जन शिकायत समाधान केंद्र पहुंचा,जहां पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद जन शिकायत समाधान कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राँची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने तत्काल संबंधित थाने को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दे दिया।
पीड़ित महिला निर्मला शर्मा ने एसपी को बताया कि करीब 40 वर्ष पहले उसकी शादी विजय शर्मा से हुई थी। इस दंपती के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। सभी बच्चे बड़े हो चुके हैं, बेटों की शादी भी हो चुकी है और परिवार में नाती-पोतों की भी किलकारियां गूंज रही हैं। इतने लंबे वैवाहिक जीवन के बाद भी पति ने रिश्ते की मर्यादा को दरकिनार कर दूसरी महिला से गुपचुप शादी कर ली।
निर्मला शर्मा के अनुसार, दूसरी शादी की जानकारी मिलने के बाद उस महिला ने कुछ समय बाद विजय शर्मा का साथ छोड़ दिया। इसके बाद उसने तीसरी शादी कर ली,लेकिन वह रिश्ता भी ज्यादा दिन नहीं चला और तीसरी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई। इसके बावजूद विजय शर्मा नहीं रुका और कुछ महीने पहले उसने कथित तौर पर चौथी शादी कर एक अन्य महिला को अपने साथ रखना शुरू कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि पति की लगातार शादियों से उसका परिवार बिखर गया और उसे मानसिक,आर्थिक व सामाजिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन पति ने अपनी हरकतों में कोई बदलाव नहीं किया।
बुधवार को मामला तब खुलकर सामने आया जब महिला समिति की कुछ सदस्याओं ने विजय शर्मा और उसकी कथित चौथी पत्नी को पकड़कर सीधे जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में पहली पत्नी और बेटों के साथ पहुंचा दिया। वहां निर्मला शर्मा ने अधिकारियों के सामने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और न्याय की गुहार लगाई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक एसपी ने तत्काल संबंधित थाना पुलिस को मामले की जांच करते हुए आरोपी पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस अब महिला की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ही व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर लगातार चार शादियां करने और पहली पत्नी के न्याय की गुहार लगाने की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

