सेहरा बंधा, बारात तैयार… तभी मोबाइल पर आया एक मैसेज और टूट गई शादी…. हजारीबाग में मंडप तक पहुंचने से पहले बिखर गए अरमान

 

हजारीबाग।शादी का घर खुशियों से सराबोर था। आंगन में मंगलगीत गूंज रहे थे, रिश्तेदार जश्न में डूबे थे और दूल्हा सेहरा बांधकर बारात निकलने का इंतजार कर रहा था। दरवाजे पर सजी-धजी गाड़ी तैयार खड़ी थी। लेकिन तभी मोबाइल पर आई एक बीप ने ऐसा तूफान खड़ा किया कि कुछ ही मिनटों में शादी की सारी खुशियां सन्नाटे में बदल गईं।

मामला हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड के अमनारी गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, बारात रवाना होने से ठीक पहले दूल्हे के मोबाइल पर उत्तर प्रदेश निवासी शिवम नाम के युवक का मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को होने वाली दुल्हन का प्रेमी बताया और दावा किया कि पिछले पांच वर्षों से दोनों के बीच प्रेम संबंध था। उसने अपने दावों के समर्थन में कथित चैट, तस्वीरें और अन्य दस्तावेज भी भेजे।

बताया जाता है कि जैसे ही दूल्हे और उसके परिजनों ने मैसेज में भेजी गई सामग्री देखी, घर का माहौल पूरी तरह बदल गया। जहां कुछ पल पहले शहनाइयों की गूंज थी, वहां अब परिवार के लोग गहन चर्चा में जुट गए। शादी को लेकर असमंजस और तनाव का माहौल बन गया।

परिजनों ने मामले पर विचार-विमर्श के बाद बड़ा फैसला लेते हुए बारात ले जाने से इनकार कर दिया। इसके साथ ही शादी मंडप तक पहुंचने से पहले ही टूट गई। दूल्हे पक्ष का कहना था कि ऐसी परिस्थितियों में रिश्ते को आगे बढ़ाना उचित नहीं होगा।
घटना के बाद पूरे इलाके में इस शादी की चर्चा तेज हो गई। सोशल मीडिया से लेकर गांव की चौपाल तक लोग इस घटनाक्रम पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग इसे रिश्तों में पारदर्शिता की जरूरत बता रहे हैं, तो कई इसे शादी से पहले सच सामने आने की घटना मान रहे हैं।

हालांकि, मैसेज भेजने वाले युवक के दावों और उसमें साझा किए गए कथित सबूतों की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में किसी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज होने की पुष्टि भी नहीं हुई है।

 

error: Content is protected !!