पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा :पूजा कुमारी मौत मामले में बड़ा यू-टर्न, अब दर्ज हुआ ‘हत्या’ का मुकदमा…गले पर दबाव और सिर की चोट से थमी थीं सांसें..

राँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना में बीते 31 मई 2026 को दर्ज संदेहास्पद मौत (यूडी काण्ड संख्या-15/26) के मामले में पुलिस की जांच के बाद एक बड़ा मोड़ आया है। मामले की तफ्तीश कर रहे पुलिस सब-इंस्पेक्टर बिफई भगत की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के अवलोकन के बाद अब इस केस को हत्या की धाराओं में परिवर्तित कर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अदालती और पुलिसिया दस्तावेजों के अनुसार, मृतिका रानी कुमारी उर्फ पूजा कुमारी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह साफ हुआ है कि उसकी मौत प्राकृतिक नहीं थी। मृतिका के शरीर पर पाए गए घाव एंटीमार्टम (मृत्यु से पहले के) हैं, जो किसी कठोर और कुंद वस्तु की चोट से बने हैं। इसके अलावा, मौत का मुख्य कारण सिर पर गंभीर चोट और गले पर दबाव बनाने के कारण दम घुटना बताया गया है। पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
31 मई को सिटी डीएसपी घटना स्थल पर जांच करते हुए
पति, प्रेमी और ‘जीजा’ की त्रिकोणीय उलझन में फंसा मामला
चुटिया थाना के दरोगा द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में मृतिका के जीवन से जुड़े तीन संदेहास्पद पहलुओं और किरदारों का विस्तृत उल्लेख किया गया है। इन तीनों कड़ियों पर अब पुलिस तफ्तीश कर रही है।
किराए के मकान से बरामद हुआ था शव
कड़ी नंबर 1 (पति से विवाद): पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मृतिका रानी उर्फ पूजा कुमारी की शादी बरियातू थाना क्षेत्र के बूटी मोड़ निवासी हरीश गुप्ता से हुई थी। दोनों के बीच काफी दिनों से गंभीर लड़ाई-झगड़ा चल रहा था। मौत से करीब एक महीना पहले पति हरीश गुप्ता ने रानी के साथ मारपीट की थी और उसे अपने घर से भगा दिया था।
कड़ी नंबर 2 (पुराने दोस्त के साथ लिव-इन): पति से हुए इस विवाद और अलगाव का फायदा मृतिका के एक पुराने दोस्त अमन कुमार ने उठाया। अमन कुमार ने रानी को बहला-फुसलाकर चुटिया थाना क्षेत्र के केतारी बगान में एक किराए का मकान दिलाया और वहां उसके साथ रहने लगा।
कड़ी नंबर 3 (हावड़ा से आए जीजा की एंट्री): इस रहस्यमयी कहानी में तीसरा और सबसे चौंकाने वाला मोड़ मृतिका की मौत से ठीक पहले आया। हावड़ा (नगर बाजार, दमदम) का रहने वाला रानी का एक दूर का रिश्तेदार (जीजा) राहुल कुमार गुप्ता (पिता- ललन साह) उससे मिलने राँची आया था। वह मृतिका के इसी किराए के घर पर दो दिनों तक रुका भी था।
मिली जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ है कि पूजा के शरीर पर चोट के निशान मौत से पहले के हैं, जो किसी भारी वस्तु से वार करने के कारण बने थे। इसके अलावा, उसके गले को इतनी बेरहमी से दबाया गया था कि दम घुटने और सिर की गंभीर चोट के कारण उसकी मौत हुई। पुलिस पति हरीश गुप्ता, दोस्त अमन कुमार और बंगाल से आए जीजा राहुल कुमार गुप्ता के त्रिकोण के इर्द-गिर्द जांच की सुई घुमा रही है, ताकि जल्द ही इस खूनी साजिश का पर्दाफाश कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

