जून में धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 574 वारंटों का निष्पादन, फरार वारंटियों पर कसा शिकंजा

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद पुलिस ने जून महीने में लंबित वारंटों के निष्पादन को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के निर्देशन में जिलेभर में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 574 वारंटों का निष्पादन किया गया। इनमें 569 अभियुक्त वारंट, 2 स्थायी वारंट और 3 कुर्की वारंट शामिल हैं।
पुलिस की टीमों ने विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों में लगातार छापेमारी, सत्यापन अभियान और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए कई फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से न्यायालय में लंबित मामलों के वारंटों का निष्पादन कर न्यायिक प्रक्रिया को तेज करना रहा।

एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित वारंटों की नियमित समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान की लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है ताकि न्यायालय से जारी सभी लंबित वारंटों का समयबद्ध निष्पादन हो सके।

पुलिस का कहना है कि स्थायी और कुर्की वारंटों के निष्पादन से फरार आरोपियों पर कानूनी दबाव बढ़ा है और कानून का भय भी मजबूत हुआ है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि फरार अभियुक्तों, वारंटियों और न्यायालय के आदेशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
धनबाद पुलिस के अनुसार, जून माह की यह उपलब्धि अपराध नियंत्रण, न्यायालय के आदेशों के प्रभावी अनुपालन और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

error: Content is protected !!