देवघर लौटते वक्त दर्दनाक हादसा, इंजीनियर और पत्नी समेत तीन की मौत

देवघर/आरा।बिहार के भोजपुर जिले से रविवार सुबह एक ऐसी खबर सामने आई जिसने कई परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। आरा-बक्सर फोरलेन (NH-922) पर बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा स्थित राही होटल के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतकों में झारखण्ड के देवघर निवासी इंजीनियर प्रकाश कुमार सिंह (32), उनकी पत्नी पल्लवी कुमारी (27) और सारण निवासी सौरव कुमार (26) शामिल हैं। वहीं सौरव के छोटे भाई कुमार गौरव (24) की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें पटना रेफर किया गया है।
15 दिन की यादगार यात्रा, लेकिन घर वापसी नहीं हो सकी:
जानकारी के अनुसार प्रकाश कुमार सिंह अपनी पत्नी और रिश्तेदारों के साथ करीब 15 दिनों की यात्रा पर निकले थे। उन्होंने नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर, नोएडा, कुल्लू-मनाली और लद्दाख जैसे पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया था। सभी लोग देवघर लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।
चार महीने पहले बंधी थी शादी की डोर:
सबसे मार्मिक पहलू यह है कि प्रकाश और पल्लवी की शादी इसी वर्ष 14 फरवरी को हुई थी। परिवार उनके स्वागत की तैयारियों में जुटा था, लेकिन लौटने की जगह उनकी मौत की खबर पहुंची। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच:
हादसे की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन के नियंत्रण खोने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
हाईवे पर फिर उठा सुरक्षा का सवाल:
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरा-बक्सर फोरलेन पर इससे पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाएं यह सवाल खड़ा करती हैं कि हाईवे पर सुरक्षा मानकों का पालन और वाहन चालकों की सतर्कता कितनी जरूरी है। एक पल की लापरवाही कई जिंदगियों को हमेशा के लिए खत्म कर सकती है।

