राँची में जगन्नाथपुर मेला एवं रथ यात्रा की तैयारियां तेज, सुरक्षा व्यवस्था होगी अभेद्य; एडीजी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

राँची।आगामी जगन्नाथपुर मेला एवं भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर राँची जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज रविवार को मनोज कौशिक, अपर पुलिस महानिदेशक, दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र,राँची की अध्यक्षता में मंदिर समिति के सदस्यों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऐतिहासिक रथ यात्रा, मेले एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में एडीजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेले और रथ यात्रा के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से भीड़-भाड़ एवं संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
अधिकारियों को रथ यात्रा के पूरे मार्ग का भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) करने, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखने, अस्थायी कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा आधुनिक संचार व्यवस्था को मजबूत रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने, भ्रामक या सांप्रदायिक पोस्ट साझा करने वाले असामाजिक तत्वों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को साइबर मॉनिटरिंग और त्वरित सूचना संकलन की व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थलों का निर्धारण, ट्रैफिक डायवर्सन प्लान, आपातकालीन सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर, अग्निशमन वाहनों की तैनाती तथा आपदा या आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकासी (एग्जिट रूट) की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। महिला, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस दल, सहायता केंद्र तथा खोया-पाया केंद्र स्थापित करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में मंदिर समिति के सदस्यों ने भी अपनी ओर से कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर प्रशासन ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। आम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पर्व को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से मनाने में सहयोग करें।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) सहित सभी डीएसपी, थाना प्रभारी एवं मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
जगन्नाथपुर रथ यात्रा का महत्व
राँची का जगन्नाथपुर रथ मेला राज्य के सबसे प्राचीन एवं ऐतिहासिक धार्मिक आयोजनों में से एक माना जाता है। जगन्नाथ मंदिर परिसर में निकलने वाली भव्य रथ यात्रा में झारखण्ड के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक झूले, स्थानीय हस्तशिल्प, खान-पान और विभिन्न प्रकार की दुकानों का भी आकर्षण रहता है। हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा, यातायात और आपदा प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारी करता है।

