धनबाद में गैंगस्टर प्रिंस खान पर पुलिस का सबसे बड़ा प्रहार, ढोल-नगाड़ों के बीच जेसीबी से तोड़ी संपत्ति, घर का दरवाजा-खिड़की तक उखाड़ ले गई पुलिस

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद में शनिवार को पुलिस ने फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और सबसे सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया। न्यायालय से कुर्की-जप्ती का आदेश मिलने के बाद धनबाद पुलिस भारी पुलिस बल, जेसीबी मशीन, दर्जनों मजदूरों और ढोल-नगाड़ों के साथ वासेपुर स्थित प्रिंस खान के आवास पर पहुंची। कई घंटों तक चली इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।

कार्रवाई इतनी व्यापक थी कि पुलिस ने पहले सड़क किनारे बने अवैध बाउंड्री वॉल को जेसीबी से ध्वस्त किया,इसके बाद घर के भीतर मौजूद सामानों की कुर्की शुरू की गई।घर के दरवाजे, खिड़कियां,चौखट,लोहे के गेट और अन्य सामान तक उखाड़कर जब्त कर लिया गया। पुलिस की मौजूदगी में मजदूर एक-एक सामान बाहर निकालते रहे, जबकि ढोल-नगाड़े बजाकर पूरे इलाके में यह संदेश दिया गया कि फरार अपराधियों के खिलाफ कानून किस तरह कार्रवाई करता है।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घर में मौजूद एक-एक सामान को सूचीबद्ध कर जब्त करना शुरू कर दिया। घर के दरवाजे, खिड़कियां, चौखट, लोहे के गेट, ग्रिल, फर्नीचर के अलावा एल्वेस्टर,वाहन सहित घर में मौजूद अन्य उपयोगी सामान भी पुलिस अपने कब्जे में ले रही है। मजदूरों की मदद से एक-एक सामान बाहर निकालकर जब्ती की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि न्यायालय के कुर्की आदेश के तहत घर में मौजूद प्रत्येक जब्त योग्य वस्तु को कब्जे में लिया जा रहा है

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह से ही वासेपुर इलाके में पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई थीं। बड़ी संख्या में पुलिस वाहन और अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पूरे इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग अपने घरों की छतों और गलियों से इस कार्रवाई को देखते रहे।

एसएसपी के निर्देश पर चला अभियान:
यह पूरी कार्रवाई धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी प्रकाश सोय कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसके बाद कुर्की-जप्ती की कार्रवाई शुरू की।अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान सिर्फ एक अपराधी के खिलाफ नहीं बल्कि पूरे अपराध जगत को यह संदेश देने के लिए चलाया गया कि कानून से भागने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

विधायक को मिली थी जान से मारने की धमकी:
पुलिस की यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब हाल ही में निरसा विधायक अरूप चटर्जी को गैंगस्टर प्रिंस खान की ओर से कथित तौर पर धमकी मिली थी।विधायक के अनुसार प्रिंस खान लगातार उन्हें इंटरनेट कॉल और फोन कर रहा था। कॉल रिसीव नहीं करने पर उसने व्हाट्सएप पर ऑडियो संदेश और मैसेज भेजकर रंगदारी की मांग की। ऑडियो में 24 घंटे के भीतर पैसे का इंतजाम करने की धमकी दी गई थी और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। कथित संदेश में कोयला कारोबार का भी जिक्र किया गया था।इस मामले में विधायक ने धनबाद एसएसपी को लिखित शिकायत देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ-साथ मामले की जांच भी शुरू कर दी।

हत्या, रंगदारी, फायरिंग समेत कई संगीन मामलों का आरोपी:
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या की साजिश, रंगदारी, जान से मारने की धमकी, फायरिंग, आपराधिक षड्यंत्र और संगठित अपराध से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं।पुलिस का कहना है कि लंबे समय से फरार रहने और बार-बार अदालत में पेश नहीं होने के कारण न्यायालय ने उसके खिलाफ कुर्की-जप्ती का आदेश जारी किया था। इसी आदेश के आधार पर शनिवार को यह कार्रवाई की गई।

पहले भी कई बार हो चुकी है कुर्की-जप्ती:
धनबाद पुलिस ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब प्रिंस खान की संपत्तियों पर कार्रवाई की गई हो। इससे पहले भी उसके घर और अन्य संभावित ठिकानों पर कई बार कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की जा चुकी है.अधिकारियों के मुताबिक लगातार कार्रवाई के कारण घर में अब ज्यादा सामान नहीं बचा था, फिर भी न्यायालय के आदेश के तहत उपलब्ध सभी सामानों को जब्त किया गया। पुलिस का कहना है कि लगातार दबाव बनाकर उसके आर्थिक और आपराधिक नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।

पाकिस्तान से गैंग ऑपरेट करने का दावा
धनबाद पुलिस का दावा है कि गैंगस्टर प्रिंस खान फिलहाल पाकिस्तान में छिपा हुआ है और वहीं से सोशल मीडिया, इंटरनेट कॉलिंग और एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए अपने गिरोह का संचालन कर रहा है। पुलिस के अनुसार वह अपने सहयोगियों के माध्यम से धनबाद और आसपास के इलाकों में रंगदारी वसूली और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश करता है।
हाल के दिनों में प्रिंस खान ने सोशल मीडिया के जरिए धनबाद के एसएसपी पर भी कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिन्हें पुलिस प्रशासन ने पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया था।

अपराधियों के लिए कड़ा संदेश:
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धनबाद में संगठित अपराध, रंगदारी और गैंगवार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फरार अपराधियों की संपत्तियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जो भी अपराधी कानून से बचने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

वासेपुर में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई:
शनिवार को हुई इस कार्रवाई ने पूरे वासेपुर इलाके में सनसनी फैला दी। ढोल-नगाड़ों के साथ जेसीबी से घर तोड़े जाने और दरवाजे-खिड़कियां तक उखाड़कर जब्त किए जाने की तस्वीरें और वीडियो पूरे दिन चर्चा का विषय बने रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि धनबाद में किसी कुख्यात अपराधी के खिलाफ इस तरह की सार्वजनिक और व्यापक कार्रवाई लंबे समय बाद देखने को मिली है।

error: Content is protected !!