राँची में फिर रंगदारी का साया, जमीन कारोबारी को व्हाट्सएप पर धमकी, घर और स्कॉर्पियो की रेकी का वीडियो भेजकर फैलाया खौफ

राँची। राजधानी राँची में रंगदारी और धमकी का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। अब नगड़ी थाना क्षेत्र के नयासराय-मुड़मा निवासी जमीन कारोबारी पवन मुंडा को व्हाट्सएप के जरिए जान से मारने की धमकी देने और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने खुद को राहुल सिंह गैंग से जुड़ा आजाद सरकार बताया है।
जानकारी के अनुसार, कारोबारी के मोबाइल पर पिछले कई दिनों से एक विदेशी नम्बर से लगातार व्हाट्सएप कॉल आ रहे थे। कॉल रिसीव नहीं करने पर धमकी भरे संदेश भेजे गए, जिनमें जमीन का कारोबार जारी रखने के लिए रंगदारी देने का दबाव बनाया गया। हालांकि मैसेज में किसी रकम का उल्लेख नहीं किया गया।
अपराधियों ने कारोबारी और उनके परिवार में दहशत फैलाने के लिए उनके नयासराय स्थित घर और काले रंग की स्कॉर्पियो की रेकी कर वीडियो और तस्वीरें भी व्हाट्सएप पर भेजीं। इससे यह संकेत देने की कोशिश की गई कि उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
पीड़ित पवन मुंडा ने मामले की शिकायत विधानसभा थाना में दर्ज कराई है। प्राथमिकी में उन्होंने बताया कि 24 जून की सुबह नयासराय रिंग रोड के पास कुछ संदिग्ध लोग भी घूमते दिखाई दिए, जिसके बाद परिवार में भय का माहौल बन गया।मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल और स्क्रीनशॉट की तकनीकी जांच की जा रही है। साथ ही धमकी देने वाले नंबर की पड़ताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर रेकी करने वाले आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

