Ranchi: गिट्टी की गाड़ी को लेकर दो पड़ोसियों में हिंसक झड़प, दोनों ओर से केस दर्ज

 

राँची।राँची के चुटिया थाना क्षेत्र के केतारी बगान में पड़ोसियों के बीच गिट्टी गाड़ी पार करने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।इस हिंसक झड़प के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ चुटिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें एक पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट और अत्यंत गंभीर आरोप लगाए हैं, तो दूसरे पक्ष ने ईंट-पत्थर और हथियारों से जानलेवा हमला करने की शिकायत की है।चुटिया पुलिस दोनों ओर से मिले आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गई है।

पहले पक्ष का आरोप: घर में घुसकर रड और पत्थर से मारा, गंभीर हरकत की कोशिश की

चुटिया थाने को दिए आवेदन में केतारी बगान घाट रोड की निवासी नन्दनी देवी (38 वर्ष) ने अपने पड़ोसी पिंकू वर्मा, उनकी पत्नी कविता वर्मा, बेटे कृष वर्मा और बेटी परी वर्मा पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं।नन्दनी देवी का कहना है कि 19 जून 2026 की शाम करीब 5:45 बजे इन सभी लोगों ने उनके घर में जबरन प्रवेश किया। आरोप है कि पिंकू वर्मा और उनके परिवार ने महिला के साथ बदसलूकी व गंभीर हरकत करने का प्रयास किया। विरोध करने पर लोहे की रड और पत्थरों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया।इस हमले में महिला के सिर और हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं। बीच-बचाव करने आई उनकी बेटी के साथ भी आरोपियों द्वारा हाथापाई की गई।पीड़िता ने पुलिस से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

दूसरे पक्ष का पलटवार: गिट्टी गाड़ी रोकने पर हुआ विवाद, हमारी महिलाओं पर हुआ हमला

वहीं दूसरी ओर, दूसरे पक्ष के पड़ोसी पिंकू वर्मा ने भी चुटिया थाना प्रभारी को आवेदन देकर मामले में दूसरा पहलू सामने रखा है. पिंकू वर्मा का कहना है कि उनके घर की मरम्मत का काम चल रहा था, जिसके लिए गिट्टी लदी एक गाड़ी आ रही थी।गाड़ी जब पड़ोसी के घर के सामने से गुजर रही थी, तभी दूसरे पक्ष की महिला और उनकी बेटी तासी कुमारी ने रास्ता रोकने का प्रयास किया और आपत्ति जताई।

पिंकू वर्मा का आरोप है कि बात बढ़ने पर सामने वाले पक्ष की महिलाओं ने उनकी पत्नी और बेटी पर ईंट, पत्थर और घातक हथियारों से हमला कर दिया। जब वे बीच-बचाव करने और दोनों पक्षों को समझाने पहुंचे, तो उन पर भी हमला किया गया। इस मारपीट में पिंकू वर्मा, उनकी पत्नी कविता देवी, बेटा क्रिश और बेटी परी बुरी तरह घायल हो गए हैं। उन्होंने भी पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

एक ही मोहल्ले में रहने वाले दो परिवारों के बीच हुए इस गंभीर विवाद के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।चुटिया थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन को गंभीरता से लिया है।पुलिस का कहना है कि मामला पड़ोसियों के आपसी विवाद और मारपीट का है, जिसमें दोनों तरफ से गंभीर आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए हैं। घटनास्थल के आस-पास के लोगों से पूछताछ और मामले की सत्यता की जांच कर कानून सम्मत उचित कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!