मुंबई का ‘फर्जी डायरेक्टर’ और ‘आशिकी’ का नकली हीरो,राँची के युवक से फिल्मों में काम दिलाने के नाम पर 46 लाख की ठगी-

–हिनू निवासी शिवम कुमार ने डोरंडा थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी, दिल्ली के ‘ड्रीम मेकर्स स्टूडियो’ के संचालकों पर गंभीर आरोप

राँची।राँची के डोरंडा थाना क्षेत्र में फिल्मों, टीवी सीरियलों और वेब सीरीज में बतौर मुख्य अभिनेता (हीरो) काम दिलाने के नाम पर एक युवक और उसके परिवार से ₹46 लाख की बड़ी ठगी का मामला प्रकाश में आया है। शातिर जालसाजों ने पीड़ित परिवार को अपने जाल में ऐसा फंसाया कि अलग-अलग किस्तों में कुल 36 लाख रुपये बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए और 10 लाख रुपये दिल्ली के एक नामी मॉल में नगद वसूली किए। इस संबंध में साकेत नगर, हिनू (नियर घंटी स्टोर) निवासी शिवम कुमार (पिता- राजू राम पासवान) के आवेदन पर डोरंडा थाने में केस दर्ज किया गया है।

पीड़ित शिवम कुमार ने दिल्ली और मुंबई के एक संगठित गिरोह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें निम्नलिखित आरोपी शामिल हैं। इनमें अल्का ठाकुर (डायरेक्टर, ड्रीम मेकर्स स्टूडियो, मधु विहार, दिल्ली), अरमान खान उर्फ वाकर (पार्टनर, ड्रीम मेकर्स स्टूडियो), विवेक उर्फ राहुल राय उर्फ राहुल रघुवंशी (निवासी: महरौली, दिल्ली / हरिद्वार) शामिल है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शिवम कुमार की बातचीत उसके जमशेदपुर निवासी दोस्त पलविन्दर से हुई थी। पलविन्दर ने उसे बताया कि वह दिल्ली के मधु विहार स्थित ‘ड्रीम मेकर्स स्टूडियो’ (DMS) नामक कंपनी में काम करता है और वह उसकी मुलाकात कंपनी की डायरेक्टर अल्का ठाकुर और पार्टनर अरमान खान से करवा देगा, जो उसे फिल्मों और वेब सीरीज में हीरो का काम दिला देंगे। इसके बाद सितंबर 2022 में अल्का ठाकुर ने शिवम को फोन किया और उसे ऑडिशन व एक्टिंग के लिए दिल्ली के ओखला फेज-2 स्थित स्टूडियो में बुलाया। शुरुआत में रजिस्ट्रेशन के नाम पर 1000 और पोर्टफोलियो के लिए 5000 मांगे गए। इसके बाद शिवम के आधार कार्ड और शैक्षणिक प्रमाण-पत्र व्हाट्सएप पर मंगाए गए।

सीढ़ी-दर-सीढ़ी ठगी का जाल: वेब सीरीज में लीड रोल के लिए मांगे 5 लाख

आरोपियों ने शिवम को झांसा दिया कि उसका प्रोफाइल सेलेक्ट हो गया है और एक साल की मेंबरशिप के नाम पर 10,000 अपने HDFC बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके कुछ दिनों बाद अल्का ठाकुर ने शिवम को कहा कि उसका प्रोफाइल मुंबई भेजा गया था, जहां ‘राहुल रघुवंशी’ नाम के एक बड़े डायरेक्टर ने उसे अपनी नई वेब सीरीज के लिए चुन लिया है। इसके बाद राहुल रघुवंशी बनकर एक व्यक्ति ने शिवम को फोन किया और कहा कि यदि वह वेब सीरीज में ‘लीड रोल’ (मुख्य भूमिका) करना चाहता है, तो उसे 5 लाख रुपये देने होंगे। शिवम के पिता ने भरोसा करके एक महीने के भीतर 5 लाख रुपये अल्का ठाकुर के खाते में भेज दिए।

दिल्ली के मॉल में बुलाकर 10 लाख कैश लिया, इन्फ्लूएंसर के नाम पर भी वसूली

ठगों की भूख यहीं शांत नहीं हुई। कुछ दिनों बाद एक अन्य अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसने खुद को प्रसिद्ध फिल्म ‘आशिकी’ का अभिनेता राहुल राय बताया। उसने टीवी प्रमोशन के नाम पर शिवम और उसके माता-पिता को दिल्ली के ‘सेलेक्ट सिटी वॉक मॉल’ (साकेत) बुलाया। वहां अल्का ठाकुर, अरमान खान और पलविन्दर की मौजूदगी में पीड़ित परिवार से 10 लाख नगद ले लिए गए। इसके अलावा इंस्टाग्राम हैंडलिंग चार्ज के नाम पर 1 लाख रुपये और प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स (दीपक जोशी और सुम्बुल तौकीर) के इवेंट के नाम पर क्रमशः 4 लाख और 5 लाख रुपये अल्का ठाकुर के खाते में डलवाए गए। इस तरह विज्ञापन, गाना शूट और कॉन्ट्रैक्ट के नाम पर कुल 46 लाख (36 लाख रुपये बैंक से और 10 लाख कैश) ठग लिए गए।

भोपाल पुलिस ने पहले भी किया था गिरफ्तार, अब दे रहे हैं धमकी

वर्ष 2024 में पीड़ित परिवार को भनक लगी कि वे एक बड़े साइबर और एंटरटेनमेंट फ्रॉड के शिकार हो चुके हैं। छानबीन में पता चला कि भोपाल पुलिस ने फिल्मों में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले इन दोनों मुख्य आरोपियों (अल्का ठाकुर और अरमान खान) को दिल्ली से गिरफ्तार किया था और इनके पास से ₹50 लाख की ठगी के सबूत भी मिले थे। जब शिवम और उसके पिता ने काम न मिलने पर अपने पैसे वापस मांगे और कानूनी कार्रवाई की बात कही, तो आरोपियों ने औकात दिखाने की बात कहते हुए उनके पूरे परिवार को बर्बाद करने, हाथ-पैर तोड़ने और जान से मारने की धमकी दी।

error: Content is protected !!