शराब से लदी वैन पलटी, सड़क बनी ‘ओल्ड मॉन्क’ का मैदान; बोतलें समेटने उमड़े ग्रामीण..

 

सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित झाबरी गांव के पास रविवार सुबह एक शराब से लदी वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। धनबाद से जमशेदपुर की ओर जा रही इस वैन के दुर्घटनाग्रस्त होते ही सड़क पर शराब की बोतलें बिखर गईं और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर वाहनों की आवाजाही कम थी। वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन चालक सुरक्षित बच निकला। उसे किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई है। शुरुआती जांच में वाहन के नियंत्रण खोने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।

वैन पलटते ही उसमें लदी ‘ओल्ड मॉन्क’ शराब की सैकड़ों बोतलें सड़क पर फैल गईं। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जो बोतलें टूटने से बच गई थीं, उन्हें उठाने के लिए लोगों में होड़ मच गई। कई लोग बोतलें लेकर वहां से तेजी से निकलते भी दिखाई दिए।इस दौरान कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

सूचना मिलने पर चौका थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर हालात पर नियंत्रण पाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

जानकारी के मुताबिक, वैन में करीब 4.62 लाख रुपये मूल्य की ‘ओल्ड मॉन्क’ शराब लदी हुई थी। दुर्घटना में लगभग 90 प्रतिशत शराब की बोतलें टूटकर नष्ट हो गईं, जबकि कुछ बोतलें ग्रामीण अपने साथ ले गए। पुलिस ने घटनास्थल से बची हुई शराब जब्त कर ली है।फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!