ऋण वितरण कर लौट रहे फाइनेंस कर्मचारी की दर्दनाक मौत, ट्रक चालक फरार
चतरा। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के जमुआ स्थित बरवाकोचवा मोड़ के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गयी। मृतक की पहचान बिहार के गया जिला अंतर्गत बाराचट्टी थाना क्षेत्र के लैय गांव निवासी बबलू कुमार सिंह (32) के रूप में हुई है।वह प्रतापपुर में रहकर स्वतंत्रता माइक्रो चैतन्या फाइनेंस कंपनी में ऋण वितरण एवं रिकवरी का कार्य करता था।
जानकारी के अनुसार, बबलू कुमार सिंह प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी बाइक से क्षेत्र में अपने कार्य के सिलसिले में निकला था। इसी दौरान बरवाकोचवा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में बबलू गंभीर रूप से घायल हो गया।राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने राँची स्थित रिम्स रेफर कर दिया, परंतु राँची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी। मौत की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी सीमा कुमारी तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों ने पुलिस प्रशासन से दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान कर चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

