मोबाइल छिनतई में राँची पुलिस की त्वरित कार्रवाई:12 घंटे के भीतर एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

 

राँची।राजधानी राँची के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह हुई मोबाइल छिनतई की घटना में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 12 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।वहीं दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस इस मामले को संगठित गिरोह से जोड़कर भी जांच कर रही है।घटना मंगलवार सुबह करीब 7:15 बजे की है। शिवगंज रोड नंबर-03, हरमु रोड निवासी पुनित कुमार शर्मा अपने घर के पास महालक्ष्मी सुजुकी शोरूम की ओर जा रहे थे।इसी दौरान दो बाइक सवार अपराधियों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और भागने लगे।

पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक सवारों का पीछा भी किया, जिसमें उन्हें बाइक का अंतिम नंबर 8947 दिखाई दिया। बाद में आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ में बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर JH01FR होने की जानकारी मिली। मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस हरकत में आई और तकनीकी जांच व छापेमारी शुरू की।इसी कड़ी में 12 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर दूसरे आरोपी और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह घटना किसी बड़े छिनतई गिरोह से जुड़ी हो सकती है, जो शहर में सक्रिय है। ऐसे में अन्य वारदातों के तार भी इस गिरोह से जुड़ने की संभावना जताई जा रही है।पीड़ित के आवेदन के आधार पर कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।

error: Content is protected !!