Ranchi:सीसीएल में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी…फर्जी जॉइनिंग लेटर और आईडी देकर 2 लाख की ठगी…
राँची।राजधानी में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के मैकी रोड निवासी एक दुकानदार से आरोपी ने सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब दो लाख रुपये की ठगी कर ली। इतना ही नहीं, आरोपी ने फर्जी जॉइनिंग लेटर और आईडी कार्ड बनाकर पीड़ित और अन्य लोगों को भी अपने जाल में फंसाया। इस मामले में पीड़ित सचिन कुमार गुप्ता ने दो के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पूजा के बहाने बना संपर्क, फिर दिया नौकरी का झांसा
पीड़ित सचिन कुमार गुप्ता ने बताया कि मेन रोड काली मंदिर के पास उनकी प्रसाद की दुकान है। इसी दौरान एक व्यक्ति अक्सर पूजा करने आता था, जिसने अपना नाम सुजीत कुमार सिन्हा (निवासी बोरया, कांके) बताया। बातचीत के दौरान उसने खुद को प्रभावशाली बताते हुए CCL में नौकरी लगवाने का दावा किया।
दो लाख रुपये की मांग, किस्तों में लिया पैसा
आरोपी ने पीड़ित की बेटी को नौकरी दिलाने के एवज में 2 लाख रुपये की मांग की। झांसे में आकर पीड़ित ने 05 जनवरी 2026 को 1,79,000 रुपये नकद दिए। 18 मई 2026 को 30,000 रुपये (मोबाइल नंबर 8540079067, नाम – शिवशंकर)ऑनलाइन ट्रांसफर किए।
व्हाट्सऐप से भेजा फर्जी जॉइनिंग लेटर
पैसे लेने के बाद आरोपी ने 26 फरवरी 2026 को व्हाट्सऐप के जरिए फर्जी जॉइनिंग लेटर भेजा। बाद में 23 अप्रैल 2026 को पीड़ित की बेटी रिमझिम रानी गुप्ता के नाम से दूसरा जॉइनिंग लेटर और आईडी कार्ड दिया गया।
दरभंगा हाउस में कराया फर्जी इंटरव्यू और ट्रेनिंग
विश्वास जमाने के लिए आरोपी पीड़ित की बेटी को दरभंगा हाउस ले गया, जहां फर्जी इंटरव्यू और ट्रेनिंग भी कराई गई। इससे पीड़ित पूरी तरह भरोसे में आ गया। पीड़ित के अनुसार, जब उसने यह बात अपने परिचितों को बताई, तो वे भी आरोपी के संपर्क में आए और ठगी का शिकार हुए। बाद में जांच-पड़ताल में सामने आया कि आरोपी कई लोगों को इसी तरह नौकरी का झांसा देकर ठग चुका है।पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

