बम, गोली और बवाल: धनबाद में कोयला तस्करों का आतंक, पुलिस से राइफल छीनने की कोशिश

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र स्थित बहियारडीह में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 100 से अधिक अवैध कोयला तस्करों ने खुलेआम बम और गोलियों की बारिश कर पूरे इलाके को दहला दिया। तस्करों का आतंक इतना बढ़ गया कि सूचना पर पहुंची पुलिस टीम से भी उन्होंने राइफल छीनने का प्रयास किया और गश्ती वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तस्करों ने शंकर साव के घर और दुकान को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। इसके बाद जमकर तोड़फोड़ की गई। बाइक, सीसीटीवी कैमरे, टीवी, फ्रिज समेत लाखों रुपये के सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सुबह करीब 8 बजे हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

पीड़ित शंकर साव की पत्नी रूबी देवी ने रोते हुए बताया कि दर्जनों की संख्या में आए हथियारबंद लोगों ने बम फोड़े, गोलियां चलाईं और लोगों के साथ मारपीट भी की। घटना में कई लोग घायल होने की भी सूचना है।

सूचना मिलने पर बरोरा और सोनारडीह पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तस्करों की भारी भीड़ और आक्रामक रवैये ने पुलिस को भी मुश्किल में डाल दिया। आरोप है कि तस्करों ने पुलिसकर्मियों से हथियार छीनने का प्रयास किया और पुलिस वाहन पर हमला कर उसे नुकसान पहुंचाया।

घटना के विरोध में स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में सोनारडीह ओपी पहुंचे और अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं ने फोरलेन सड़क जाम करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए बल प्रयोग किया। इससे ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई।

दिनदहाड़े बम और गोलीबारी की इस घटना ने धनबाद में अवैध कोयला तस्करी के बढ़ते नेटवर्क और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरे बहियारडीह इलाके में भय और तनाव का माहौल है, जबकि ग्रामीण दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

error: Content is protected !!