रामगढ़:महुआ के पेड़ से लटका मिला 18 वर्षीय युवक का शव, पास में पड़ा मिला खून लगा चाकू..

 

​रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिला के भदानीनगर ओपी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां के देवरिया पंचायत अंतर्गत जोभिया दोहर इलाके में सोमवार (09 जून) की सुबह 18 वर्षीय युवक विशाल मुंडा का शव महुआ के पेड़ से फंदे के सहारे लटकता हुआ बरामद किया गया है। सुबह-सुबह शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

​परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, विशाल मुंडा रविवार की रात करीब 10 बजे अपने घर से बाहर निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सुबह उसका शव पेड़ से लटकता पाए जाने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

​इंस्टाग्राम चैट का आखिरी संदेश: “अपना ख्याल रखना…”

​पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश में एक बेहद चौंकाने वाला और भावुक मोड़ सामने आया है। पुलिस अनुसंधान के अनुसार, विशाल रविवार की रात करीब 12 बजे तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर किसी युवती से लगातार बातचीत कर रहा था। सूत्रों के मुताबिक, मौत के फंदे पर झूलने से पहले विशाल ने उस युवती को चैट पर अपना आखिरी संदेश भेजा था, जिसमें लिखा था। ​”अपना ख्याल रखना, मेरे जैसा कोई नहीं मिलेगा।”

​यह मामला सिर्फ आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है, इसे लेकर सस्पेंस गहरा गया है। पुलिस ने महुआ के पेड़ के पास से विशाल का मोबाइल फोन और एक खून लगा चाकू बरामद किया है। घटनास्थल पर खून से सने चाकू के मिलने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

​घटना की सूचना मिलते ही भदानीनगर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन और चाकू को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इंस्टाग्राम चैट, कॉल डिटेल्स और बरामद चाकू की कड़ियों को जोड़कर मामले की हर एंगल (आत्महत्या और हत्या) से गहन जांच की जा रही है। जल्द ही इस रहस्यमयी मौत का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!