चेन छीनकर भाग रहे बदमाशों की बाइक हुई अनियंत्रित, एक का पैर टूटा,दोनों गिरफ्तार


धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के ​सरायढेला थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन झपटकर भाग रहे दो शातिर अपराधी पुलिस की तत्परता के चलते धर-दबोचे गए। पुलिस को पीछे आता देख तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे एक बदमाश का पैर टूट गया और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

​घटना सोमवार (8 जून) की है। राजगंज से अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर पलानी (अपने मायके) जा रही महिला, वेदमाना कुली को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया। वे अभी सरायढेला थाना क्षेत्र में पहुँचे ही थे कि पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन उड़ा ली और सरायढेला की ओर तेजी से फरार हो गए।

​वारदात के तुरंत बाद पीड़िता के परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम से वायरलेस पर मैसेज फ्लैश होते ही आसपास के सभी थानों की पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। इसी बीच सरायढेला थाना पुलिस को इनपुट मिला कि दोनों संदिग्ध अपराधी गोल बिल्डिंग के पास देखे गए हैं।
​पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुँचकर अपराधियों का पीछा करना शुरू कर दिया।

​खुद को पुलिस से घिरा देख और पीछे सरकारी गाड़ी का सायरन सुन अपराधी घबरा गए। उन्होंने पकड़े जाने के डर से बाइक की रफ्तार और बढ़ा दी। लेकिन भागने की इसी जल्दबाजी में उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर बुरी तरह गिर पड़े।

​गिरते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। हादसे में एक अपराधी का पैर फ्रैक्चर हो गया है, जबकि दूसरा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

​पकड़े गए आरोपियों की पहचान चंदू कुमार विश्वकर्मा बेलगड़िया, बलियापुर पैर टूट गया (अस्पताल में भर्ती) और कर्ण वर्मा बेलगड़िया, बलियापुर गंभीर रूप से घायल है।

​सरायढेला थाना पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि छीनी गई चेन बरामद की जा सके। इसके साथ ही धनबाद और आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में हुई चेन स्नैचिंग की अन्य वारदातों में भी इनकी संलिप्तता और इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!