लातेहार:अनियंत्रित मोटरसाइकिल पेड़ से टकराकर पुलिया के नीचे गिरी, दो की मौत,एक घायल

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिला के छिपादोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत केड़ पिकेट के पास रविवार को एक भीषण दुर्घटना हुई।यहां एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।मृतकों की पहचान बरवाडीह प्रखंड के चहल चुंगरु गांव निवासी कन्हाई सिंह और पृथ्वी सिंह के रूप में हुई। जबकि घायल महिला मनतोरवा देवी है। बताया जाता है कि मृतक आपस में रिश्तेदार थे।दरअसल, कन्हाई सिंह अपने दामाद के घर में आयोजित एक शादी समारोह में भाग लेने आए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद वह मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे। उनके साथ मोटरसाइकिल पर उनके रिश्तेदार पृथ्वी सिंह और मनतोरवा देवी भी बैठी थी। बताया जाता है कि केड़ मोड़ के पास अचानक मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और एक पुलिया के नीचे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कन्हाई सिंह और पृथ्वी सिंह बेहोश हो गए।वहीं महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई।इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी यकीन अंसारी के निर्देश पर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से बरवाडीह अस्पताल पहुंचाया।जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कन्हाई सिंह और पृथ्वी सिंह को मृत घोषित कर दिया।जबकि महिला को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।इस संबंध में थाना प्रभारी यकीन अंसारी ने बताया कि प्रारंभिक सूचना मिली कि मोटरसाइकिल सवार दुर्घटनाग्रस्त हो गए हैं।सूचना के बाद पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. बाद में सूचना प्राप्त हुई की इनमें दो लोगों की मौत हो गई है।उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारण की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!