राँची के पुंदाग ओपी क्षेत्र में स्कूटी से आए चोर, घर का ताला तोड़ा और लाखों गहने और कैश लेकर फरार हो गए चोर
राँची। राजधानी राँची में पुंदाग ओपी क्षेत्र में बड़ी चोरी की वारदात हुई है।शातिर चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब 15 लाख रुपये के गहने और 1.55 लाख रुपये नकद की चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों ने ऐसी चाल चली कि आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने वारदात के दौरान आसपास के घरों के दरवाजों को बाहर से रस्सी बांधकर या कुंडी लगाकर बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर निकलकर उन्हें देख न सके। सुबह जब लोगों ने दरवाजे खोलने की कोशिश की तो घटना का खुलासा हुआ।
पीड़ित सोनू सोनी ने बताया कि वे पूरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर पटना गए हुए थे। रविवार सुबह लौटने पर देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से नकद 1 लाख 55 हजार रुपये तथा करीब 15 लाख रुपये के गहने गायब थे।
पड़ोसी ने बताया कि उनके घर का दरवाजा भी बाहर से बंद कर दिया गया था। सुबह काफी मशक्कत के बाद वे लोग घर से बाहर निकल सके। इससे साफ है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और किसी भी तरह की बाधा नहीं चाहते थे।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन संदिग्ध चोर एक स्कूटी पर भागते हुए दिखाई दिए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने राजधानीवासियों की चिंता बढ़ा दी है।

