राँची में सनसनी: सोहराय पहाड़ पर मिली महिला की लाश, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से इलाके में हड़कंप
राँची।राजधानी राँची के तुपुदाना थाना क्षेत्र स्थित श्रीगांव के सोहराय पहाड़ पर रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक अज्ञात महिला का शव पड़ा देखा। शव मिलने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। शव की स्थिति को देखकर दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही तुपुदाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला अरगोड़ा इलाके को रहने वाली है।स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और भय का माहौल है। सुनसान पहाड़ी क्षेत्र में महिला का शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर महिला यहाँ कैसे पहुँची। इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।फिलहाल, सोहराय पहाड़ पर मिले इस रहस्यमय शव ने पूरे तुपुदाना क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।इधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हटिया डीएसपी और एफएसएल की टीम मौके पर पहुँचकर जांच में जुटी है।

