जोन्हा फॉल की सैर बनी आखिरी सफर: जूनियर इंजीनियर अर्णब मुंडा की डूबने से मौत, परिवार में पसरा मातम

राँची।छुट्टी के दिन दोस्तों के साथ घूमने निकले 28 वर्षीय जूनियर इंजीनियर अर्णब मुंडा के परिवार ने शायद कभी नहीं सोचा था कि यह सफर उनकी जिंदगी में इतना बड़ा दुख लेकर आएगा। राजधानी राँची के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जोन्हा फॉल में शनिवार को नदी में डूबने से अर्णब की मौत हो गई।अर्णब मुंडा जल संसाधन विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और कोकर के डीआईजी मैदान इलाके के निवासी थे। बताया जाता है कि शनिवार को अवकाश होने के कारण वह अपने कुछ दोस्तों के साथ जोन्हा फॉल घूमने गए थे। इसी दौरान नदी में नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चले गए। साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
शाम होते-होते हादसे की सूचना परिवार तक पहुंची, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। अर्णब की मां सरिता धान राँची जीपीओ में कार्यरत हैं, जबकि बड़े भाई ओडिशा में इंजीनियर और छोटे भाई सीए की तैयारी कर रहे हैं।
अर्णब की मौत की खबर फैलते ही उनके कोकर स्थित आवास पर रिश्तेदारों, पड़ोसियों और शुभचिंतकों का तांता लग गया। घर का माहौल पूरी तरह गमगीन है। बेटे को खोने के दुख में मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे सदमे में हैं।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इसके बाद चर्च में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अर्णब का अंतिम संस्कार (दफन) किया जाएगा।
अर्णब के असमय निधन से जल संसाधन विभाग में भी शोक की लहर है। सहकर्मियों और अधिकारियों ने उन्हें मेहनती, प्रतिभाशाली और अपने काम के प्रति समर्पित युवा इंजीनियर बताते हुए उनकी मृत्यु को विभाग के लिए बड़ी क्षति बताया है।

