ताने से भड़का गुस्सा बना मौत की वजह, पोतों ने दादी को उतारा मौत के घाट

 

खूँटी।झारखण्ड के खूँटी जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने रिश्तों की बुनियाद को ही झकझोर कर रख दिया है। जिस दादी ने अपने पोतों को गोद में खिलाया, उन्हीं पोतों पर उनकी हत्या का आरोप लगा है। रनिया थाना क्षेत्र के बंगुरकेला गांव में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या कर शव को बोरे में बंद कर नदी किनारे फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

मृतका की पहचान पुटकी देवी (70) के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी। आरोप है कि गुस्से में आकर दोनों पोतों ने वृद्ध महिला का सिर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद दोनों आरोपी घबरा गए। अपने जुर्म को छिपाने के लिए उन्होंने दादी के शव को एक बोरे में बंद किया और कोयल नदी किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। शव तीन दिनों तक वहीं पड़ा रहा।

रविवार सुबह जब कुछ ग्रामीण नदी की ओर गए तो उन्हें इलाके में तेज दुर्गंध महसूस हुई। शक होने पर लोगों ने आसपास तलाश शुरू की। झाड़ियों में पड़े एक संदिग्ध बोरे को खोलते ही सभी के होश उड़ गए। बोरे के अंदर एक बुजुर्ग महिला का सड़ा-गला शव मिला।

सूचना मिलते ही रनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने मृतका के दोनों पोते जतरु झोरा और सोनू झोरा को हिरासत में लिया।

पुलिस पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। डीएसपी के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि विवाद के दौरान गुस्से में उन्होंने अपनी दादी का सिर जमीन पर पटक दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई। बाद में शव को बोरे में बंद कर नदी किनारे फेंक दिया गया।

घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटना ने इंसानियत और पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

error: Content is protected !!