चीख सुनकर दौड़े लोग, युवती के आरोप के बाद युवक की हुई जमकर पिटाई…ट्रेन छूटने के बाद हुई थी मुलाकात, बहला-फुसलाकर फ्लैट ले जाने का आरोप;पुलिस जांच में जुटी

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात को उस वक्त सनसनी फैल गई,जब एक विवाहिता फ्लैट से चीखते हुए बाहर निकली और एक युवक पर जबरदस्ती करने का आरोप लगाया। युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और आक्रोशित भीड़ ने आरोपी युवक की जमकर पिटाई कर दी।घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक तथा युवती दोनों को अपने साथ थाना ले गई। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती फ्लैट से बाहर निकलकर मदद की गुहार लगा रही थी। उसने एक युवक पर जबरदस्ती करने का आरोप लगाया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए और गुस्से में युवक को पकड़कर पीट दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक ने किराये पर फ्लैट लिया हुआ था और वहीं युवती को लेकर पहुंचा था। आरोप है कि फ्लैट के अंदर उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की गई।

मामले पर डीएसपी कुमार विनोद ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बरमसिया निवासी राजू कुमार साव पर 21 वर्षीय विवाहिता के साथ जबरदस्ती करने का आरोप लगाया गया है।

युवती ने पुलिस को बताया कि वह धनबाद से बाहर से आई थी और घर लौटने के दौरान उसकी ट्रेन छूट गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात राजू कुमार साव से हुई। आरोप है कि युवक ने उसे बहला-फुसलाकर फ्लैट में ले गया और वहां उसके साथ जबरदस्ती की।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। युवक का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!