अपहरण या खुद रची साजिश… रात में मांगी गई 1 लाख की फिरौती, अगले दिन नशे में मिला युवक…

चिरकुंडा/कुल्टी।पश्चिम बंगाल के कुल्टी क्षेत्र में कथित अपहरण का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी उलझन में डाल दिया है। रात के अंधेरे में युवक के मोबाइल से एक लाख रुपये की फिरौती मांगने का फोन आया, परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस पूरी ताकत के साथ जांच में जुट गई। लेकिन अगले ही दिन जिस युवक को अपहृत बताया जा रहा था, वह चिरकुंडा के लोयला स्कूल के पास नशे की हालत में अकेला मिला।

बराकर चेकपोस्ट डाक बंगला निवासी 23 वर्षीय जयदेव सिंह शुक्रवार शाम घर से निकला था। परिवार के अनुसार उसने फोन कर बताया था कि वह बराकर नदी में नहाने जा रहा है। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए।मामला तब और गंभीर हो गया जब शनिवार तड़के करीब 3 बजे जयदेव के मोबाइल से किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर एक लाख रुपये की फिरौती की मांग की। फोन कटते ही परिवार के होश उड़ गए और पिता महादेव सिंह ने कुल्टी थाना में बेटे के अपहरण की शिकायत दर्ज करा दी।

एक्शन में आई पुलिस, मोबाइल लोकेशन ने खोला राज

अपहरण की सूचना मिलते ही कुल्टी के एसीपी जावेद हुसैन और थाना प्रभारी अशोक सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने तत्काल युवक के मोबाइल की तकनीकी जांच शुरू की।लोकेशन ट्रेस करते-करते पुलिस की जांच धनबाद जिले के चिरकुंडा थाना क्षेत्र तक पहुंची। इसके बाद कुल्टी और चिरकुंडा पुलिस ने संयुक्त रूप से खोजबीन शुरू की।

लोयला स्कूल के पास मिला युवक, हालत देख पुलिस भी चौंकी

करीब 12 घंटे की तलाश के बाद शनिवार दोपहर लगभग 3 बजे जयदेव सिंह को चिरकुंडा के लोयला स्कूल के समीप बरामद कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक बरामदगी के समय वह नशे की हालत में था और उसके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति मौजूद नहीं था।

बरामदगी के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जिस तरह युवक अकेला और नशे की हालत में मिला, उसके बाद पुलिस अपहरण की कहानी को संदेह की नजर से देख रही है।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या वास्तव में युवक का अपहरण हुआ था या फिर यह पूरा मामला खुद रची गई साजिश था।

जानकारी के अनुसार जयदेव सिंह पेशे से ऑटो चालक है। फिलहाल पुलिस ने उसे उसके परिजनों को सौंप दिया है, लेकिन मामले की जांच जारी है।

एक तरफ फिरौती मांगने का फोन, दूसरी तरफ युवक का नशे में अकेला मिलना—इन दोनों घटनाओं ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है, जो यह तय करेगी कि यह सचमुच अपहरण था या फिर किसी बड़े ड्रामे की पटकथा।

error: Content is protected !!