हटिया डैम में दर्दनाक हादसा: घूमने आई 15 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत, परिवार में मातम
राँची।राजधानी राँची के धुर्वा स्थित हटिया डैम में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोरी की जान चली गई। कटहर कोचा निवासी श्रेया गाड़ी अपने परिवार के साथ डैम घूमने पहुंची थी, लेकिन कुछ ही पलों में खुशियों भरा यह सफर मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, श्रेया डैम के फाटक के निचले हिस्से की ओर घूमते हुए चली गई थी। इसी दौरान उसका पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी। किशोरी को पानी में डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उसे बचाने का प्रयास किया और पानी में उतर गए।
घटना की सूचना मिलते ही नगड़ी और धुर्वा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद श्रेया को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकीय जांच में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। वहीं, इस हादसे के बाद मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।स्थानीय लोगों ने डैम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

