राँची में देर रात पुलिस का बड़ा एक्शन, 15 से अधिक स्थानों पर चला सघन अपराध-रोधी अभियान
राँची।राजधानी राँची में अपराध पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार देर रात पुलिस ने शहरभर में व्यापक अपराध-रोधी चेकिंग अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर एक साथ 15 से अधिक प्रमुख स्थानों पर विशेष जांच अभियान संचालित किया गया।
पुलिस द्वारा सुजाता चौक, न्यू मार्केट चौक, खेलगांव, शहीद मैदान, चांदनी चौक, बिरसा चौक समेत शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण इलाकों में देर रात वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई। विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी और रात्रिकालीन अपराधों की रोकथाम के लिए सख्त कार्रवाई की।
इस दौरान सार्वजनिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ड्रंकन ड्राइविंग (शराब पीकर वाहन चलाने) के खिलाफ भी विशेष जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) के नेतृत्व में प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर वाहनों की जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
राँची पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षा जांच अभियानों के दौरान पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन अथवा हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

