राँची में नया साइबर जाल: टीवी रिचार्ज के नाम पर 2.25 लाख की ठगी
राँची।राजधानी में साइबर अपराधियों का नया तरीका सामने आया है, जहां टीवी रिचार्ज कराने के बहाने एक व्यक्ति के खाते से लाखों रुपये उड़ा लिए गए। बरियातु निवासी 53 वर्षीय कुन्डिया तियु ने साइबर अपराध थाना में केस दर्ज कराया है। पीड़ित के अनुसार, उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से लिंक भेजा गया। भेजने वाले ने खुद को टीवी रिचार्ज कस्टमर केयर का कर्मचारी बताया और रिचार्ज प्रक्रिया में मदद करने का झांसा दिया। भरोसे में आकर जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, वह तुरंत गायब हो गया।इसके बाद कुछ ही समय में उनके बैंक खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 2 लाख 25 हजार रुपये की अवैध निकासी हो गई। जब उन्हें इस धोखाधड़ी का एहसास हुआ, तब तक काफी देर हो चुकी थी। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने किसी को भी अपने बैंक से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की थी, फिर भी इस तरह से पैसे निकल जाना गंभीर चिंता का विषय है। आशंका जताई जा रही है कि लिंक के जरिए मोबाइल या बैंकिंग से जुड़ी संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बना ली गई।

