शादी की रस्में पूरी होते ही पहुंची पुलिस, बाल विवाह मामले में दूल्हा गिरफ्तार
लोहरदगा। झारखण्ड के लोहरदगा जिले में बाल विवाह की सूचना पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी के तुरंत बाद दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला किस्को थाना क्षेत्र के कोचा गांव का है, जहां आदिवासी रीति-रिवाज से विवाह की सभी रस्में पूरी हो चुकी थीं। इसी दौरान डायल 112 पर मिली शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार, मांडर थाना क्षेत्र के ब्राम्बे निवासी लच्छू उरांव बारात लेकर कोचा गांव पहुंचा था। गांव में पारंपरिक तरीके से शादी समारोह चल रहा था और विवाह की रस्में पूरी भी हो चुकी थीं। तभी बाल विवाह की सूचना प्रशासन तक पहुंची।सूचना मिलते ही किस्को अंचल अधिकारी अजय कुमार और थाना प्रभारी मानस कुमार साधु पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान लड़की के नाबालिग होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दूल्हे को हिरासत में ले लिया, जबकि नाबालिग दुल्हन को सुरक्षा और देखभाल के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया।
पुलिस ने मामले में बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। दूल्हे के साथ-साथ दोनों पक्षों के अभिभावकों और शादी कराने वाले पहान सहित अन्य लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने लोगों से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने और कानून का पालन करने की अपील की है।

