पुआल काटने वाली मशीन बनी काल, मजदूरी करने गए युवक की दर्दनाक मौत..

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत बटसारा गांव में एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की जान चली गई। पुआल (कुट्टी) काटने वाली मशीन में फंसने से मजदूर दशरथ प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम पसर गया।मृतक की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के गोल्हना गांव निवासी दशरथ प्रजापति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार और बच्चों के पालन-पोषण के लिए मजदूरी करने बटसारा गांव गया था। लेकिन काम के दौरान ही एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोल्हना गांव से एक ट्रैक्टर पर तीन मजदूर बटसारा गांव निवासी सुरेश पासवान के खलिहान में पुआल काटने पहुंचे थे। काम के दौरान दशरथ प्रजापति मशीन में पुआल डाल रहा था। इसी बीच अचानक उसका हाथ मशीन के अंदर चला गया। मशीन की तेज रफ्तार के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पड़वा थाना प्रभारी चिंटू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे।

इधर, घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रैक्टर मालिक से उचित मुआवजे की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया। करीब तीन घंटे तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बाद में ट्रैक्टर मालिक द्वारा मुआवजे की राशि देने के आश्वासन और भुगतान के बाद परिजन शांत हुए।इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय समाजसेवी महाराणा प्रताप सिंह, उपेन्द्र नाथ सिंह और हरेन्द्र राम समेत कई गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। हादसे के बाद गोल्हना और बटसारा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

error: Content is protected !!