गम्हरिया बालिका गृह से दो नाबालिग लापता, दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली
सरायकेला। झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित छोटा गम्हरिया में संचालित वात्सल्य बालिका गृह से दो नाबालिग लड़कियों के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला गंभीर होता जा रहा है। घटना के दो दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस को अब तक दोनों लड़कियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना के बाद बालिका गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, मिशन वात्सल्य योजना के तहत संचालित इस बालिका गृह में मंगलवार रात दो नाबालिग लड़कियां अचानक गायब हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही केंद्र प्रबंधन में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि लापता लड़कियों में एक पटमदा थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि दूसरी कुचाई थाना क्षेत्र से संबंधित है।
घटना के बाद गम्हरिया थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी करने के साथ-साथ लड़कियों के रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (डीएसडब्ल्यूओ) सत्या ठाकुर बालिका गृह पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और घटना से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की। हालांकि, इस दौरान न तो केंद्र प्रबंधन और न ही डीएसडब्ल्यूओ की ओर से मीडिया को कोई आधिकारिक बयान दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस भवन में बालिका गृह संचालित हो रहा है, वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। वर्षों से बंद पड़े आदिवासी बालिका छात्रावास भवन में इस केंद्र का संचालन किया जा रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और दोनों नाबालिगों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है।

