राँची में युवक की पीट-पीटकर हत्या, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर डोरंडा थाना का घेराव…

 

राँची।राजधानी राँची के डोरंडा इलाके में मारपीट में घायल युवक तनवीर की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तनवीर के शव के साथ डोरंडा थाना का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।घटना के बाद थाना परिसर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा होकर इंसाफ की मांग करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की। पुलिस ने मामले में बुधवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन परिजनों का कहना है कि वारदात में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए।

क्या है पूरा मामला:
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात डोरंडा मनीटोला इलाके में मो. तनवीर को कुछ अपराधियों ने रास्ते में रोक लिया। इसके बाद लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। हमले में तनवीर के सिर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए रिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।परिजनों के मुताबिक, तनवीर के सिर पर करीब 40 टांके लगे थे और वह बेहोशी की हालत में था।

इस मामले में डोरंडा फिरदौस नगर निवासी खतीजा खातून ने मो. जावेद, मो. रिजवान और गोल्डन उर्फ एजाज के खिलाफ डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि आक्रोशित लोगों को शांत करा दिया गया है और मामले में शामिल सभी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

error: Content is protected !!