मंत्र से गहने शुद्ध करने का झांसा, ग्रामीणों की सूझबूझ से तीन ठग चढ़े पुलिस के हत्थे
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के मैथन ओपी क्षेत्र में साधु का भेष बनाकर महिलाओं को ठगी का शिकार बनाने वाले तीन युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि युवक पूजा-पाठ और टोटके के नाम पर महिलाओं को झांसे में लेकर उनके जेवरात गायब कर देते थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
साधु बनकर पहुंचे घर, शुरू किया टोना-टोटका का खेल
मिली जानकारी के अनुसार, मैथन इलाके में रहने वाली अंजू मंडल के घर तीन युवक साधु के वेश में पहुंचे। पहले उन्होंने पानी मांगा और फिर धार्मिक बातें करते हुए ग्रह दोष, पूजा और अनहोनी से बचाव की चर्चा शुरू कर दी। युवकों ने महिला को विश्वास दिलाया कि अगर घर के गहनों का मंत्रोच्चार से शुद्धिकरण कराया जाए तो परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी।
साड़ी की गांठ में किया खेल
महिला उनकी बातों में आ गई और घर के जेवरात निकाल लाई। आरोपियों ने गहनों को कपड़े में बांधने का नाटक किया और साड़ी में गांठ लगाकर महिला को थमा दिया। कुछ देर बाद महिला को शक हुआ। जब पड़ोस की महिलाओं के साथ गांठ खोली गई तो उसमें से सारे गहने गायब मिले। ठगी का एहसास होते ही महिला ने शोर मचा दिया।
ग्रामीणों ने दौड़ाकर दबोचा
महिला की आवाज सुनते ही आसपास के लोग जुट गए और तीनों युवकों की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों ने पीछा कर आरोपियों को पकड़ लिया और तुरंत मैथन थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। बताया जा रहा है कि पकड़े गए युवक बिहार के रहने वाले हैं।
पुराने मामलों की भी जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इलाके में पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। वहीं घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों की बातों में आकर अपने गहने या कीमती सामान किसी को न सौंपें।
एसडीपीओ निरसा लिलेश्वर महतो ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए तीन संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

