अनियंत्रित कार पेड़ से टकराकर पलटी, सात घायल; एयरबैग खुलने से टली बड़ी दुर्घटना
जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग (NH)-419 पर गुरुवार तड़के एक तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हो गई। बोदमा स्थित बंद पड़ी पोल फैक्ट्री के समीप एक मारुति स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई और फिर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे में कार सवार सात लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार नंबर की मारुति स्विफ्ट कार (BR 01 EQ 4731) मार्गोमुण्डा से कोलकाता जा रही थी। बोदमा पोल फैक्ट्री के पास तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार पहले पेड़ से टकराई और फिर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोगों में केवल पप्पू कुमार और पवन कुमार की ही पहचान हो पाई है। अन्य घायलों की पहचान और स्थिति का स्पष्ट खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। चिकित्सकों के मुताबिक, सभी को हल्की से गंभीर चोटें आई हैं।
गनीमत रही कि हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे सभी यात्रियों की जान बच गई। सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
