लातेहार:डीवीसी की कोयला ढुलाई के खिलाफ ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, छह घंटे से अधिक समय तक किया सड़क जाम
लातेहार। झारखण्ड के लातेहार जिले के नवादा गांव में ग्रामीणों ने डीवीसी द्वारा संचालित तुबेद कोल माइंस से हो रही कोयला ढुलाई के विरोध में गुरुवार सुबह से सड़क जाम कर दिया। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुए इस आंदोलन के कारण छह घंटे से अधिक समय तक हाइवा वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा। सड़क के दोनों ओर करीब 200 से अधिक कोयला लदे हाइवा वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ।
ग्रामीणों का आरोप है कि डीवीसी प्रबंधन के साथ पूर्व में हुई कई दौर की वार्ता में यह सहमति बनी थी कि नवादा रोड से कोयले की ढुलाई नहीं की जाएगी। इसके बावजूद कंपनी लगातार इसी मार्ग से भारी वाहनों का संचालन कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हाइवा के लगातार परिचालन से सड़क जर्जर हो रही है, जबकि उड़ती धूल से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीण चंदन कुमार जायसवाल ने कहा कि कई बार कंपनी प्रबंधन से बातचीत की गई, लेकिन ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक इस मार्ग से हाइवा परिचालन बंद नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं जयप्रकाश भगत ने कहा कि ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर पूरी तरह एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो लोग जेल जाने को भी तैयार हैं, लेकिन गांव के हितों से समझौता नहीं करेंगे।
ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के चलते इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और माइंस से कोयला परिवहन पूरी तरह बाधित हो गया है।

