गिरिडीह:साप्ताहिक हाट में सब्जी खरीदने गए युवक की अवैध महुआ शराब पीने से तड़प-तड़प कर मौत,जांच में जुटी है पुलिस..


​गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बिरनी प्रखंड के खरखरी साप्ताहिक हाट में कथित तौर पर अवैध महुआ शराब पीने से एक 45 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र के अरारी गांव निवासी बिरेन्द्र वर्मा के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

​मिली जानकारी के अनुसार, बिरेन्द्र वर्मा पेशे से पिकअप चालक था और बुधवार को किसी का सामान छोड़ने गया था। वहां से लौटने के दौरान वह देर शाम करीब 7 बजे सब्जी खरीदने के लिए खरखरी साप्ताहिक हाट में रुका था। इसी दौरान उसने हाट में बिक रही अवैध महुआ शराब का सेवन कर लिया।

शराब पीते ही मुंह से निकलने लगा झाग

​चश्मदीदों के मुताबिक, शराब पीने के बाद बिरेन्द्र जैसे ही अपनी पिकअप वैन पर चढ़ने लगा, अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। वह मुंह से झाग फेंकते हुए जोरदार उल्टियां करने लगा और वहीं बेहोश हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इस बात की सूचना बिरेन्द्र के परिजनों को दी।

अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

​सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में खरखरी हाट पहुंचे और बेहोशी की हालत में बिरेन्द्र को बिरनी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर धनबाद जा रहे थे, लेकिन बिरनी के माखमरगो के पास ही बिरेन्द्र ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद रोते-बिलखते परिजन शव को वापस घर ले आए।

​हाट बाजार में अवैध शराब का खुला खेल

​स्थानीय लोगों का आरोप है कि खरखरी साप्ताहिक हाट में बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब की बिक्री की जाती है, जिस पर प्रशासन का कोई अंकुश नहीं है। इसी लापरवाही के कारण आज एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझ गया। इधर घटना की जानकारी पुलिस को मिलते ही पुलिस एक्शन में आई है।आगे की कार्रवाई जारी है।शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

error: Content is protected !!