Ranchi: टोटो चालक का उत्पात, सिग्नल तोड़ा, ट्रैफिक पोस्ट तोड़ी और फिर पुलिसकर्मी से मारपीट, धराया

 

राँची। राजधानी के लालपुर चौक पर मंगलवार की शाम एक टोटो चालक ने जमकर हंगामा किया। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसने पहले ट्रैफिक सिग्नल तोड़ा, फिर ट्रैफिक पोस्ट को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। जब ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी ने उसे रोकने की कोशिश की तो चालक अभद्रता पर उतर आया और बाद में पुलिस जवान के साथ मारपीट भी कर दी। महिला आरक्षी के लिखित आवेदन के आधार पर लालपुर थाना में आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में चालक ने अपना नाम राकेश कुमार महतो (उम्र 24 वर्ष) बताया, जो मूल रूप से सिल्ली क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में करमटोली में रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से एक काला मोबाइल भी जब्त किया है।

घटना 26 मई की शाम करीब 7 बजे की है, जब महिला आरक्षी कमला कुमारी लालपुर चौक पर यातायात ड्यूटी संभाल रही थीं। उसी दौरान कोकर की ओर से आ रहा टोटो तेज रफ्तार में सिग्नल तोड़ते हुए आगे बढ़ा और सीधे ट्रैफिक पोस्ट से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि पोस्ट क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिसकर्मी के अनुसार, यदि वाहन पोस्ट से नहीं टकराता तो किसी राहगीर की जान भी जा सकती थी।

टक्कर के बाद जब महिला आरक्षी ने चालक को गाड़ी साइड करने को कहा, तो वह उल्टा गाली-गलौज करने लगा और वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगा। इसी बीच मौके पर पहुंचे आरक्षी पंचानंद रवानी ने भी चालक को समझाने की कोशिश की, लेकिन चालक और उग्र हो गया।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब चालक ने आरक्षी पंचानंद रवानी का कॉलर पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पंचानंद रवानी के दाहिने घुटने में चोट लग गई। पुलिसकर्मियों ने बताया कि चालक नशे में था और उसके मुंह से शराब की तेज गंध आ रही थी।

जब पुलिसकर्मी उसे एल्कोहल जांच के लिए थाना ले जाने लगे तो चालक ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया और यातायात बाधित करने लगा। इससे कुछ देर के लिए चौक पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बाद में अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से उसे काबू में कर थाना लाया गया।

error: Content is protected !!