किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य सड़क पर ट्रेलर खराब, तीखे मोड़ पर लगा लंबा जाम
चाईबासा। झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य सड़क पर शांति स्थल के पास एक ट्रेलर में तकनीकी खराबी आने से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन सड़क के बीच गाड़ी फंसने से मार्ग पर लंबा जाम लग गया। इससे टाटा और राँची रूट की बस सेवाएं प्रभावित रहीं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य सड़क पर शांति स्थल के पास तीखे मोड़ पर एक ट्रेलर अचानक तकनीकी खराबी का शिकार हो गया।गाड़ी सड़क के बीचों-बीच फंस जाने से मार्ग पूरी तरह जाम हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जाम के कारण किरीबुरू से टाटा और राँची जाने वाली बसें रास्ते में ही फंस गईं, जबकि टाटा से किरीबुरू आने वाली बसों का परिचालन भी प्रभावित रहा। इससे यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा और आना- जाना भी बाधित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और ट्रेलर को हटाने का प्रयास शुरू कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक मार्ग को सुचारू करने के लिए राहत कार्य जारी था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मोड़ पहले भी दुर्घटनाओं के लिए खतरनाक रहा है, जहां अक्सर भारी वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रशासन से इस स्थान पर स्थायी समाधान की मांग भी उठने लगी है।

